राजा को नहीं डरना चाहिए शत्रु से
ना ही डरना चाहिए शत्रु की सेना से
राजा को नहीं डरना चाहिए अवाम की बगावत से
ना ही डरना चाहिए अपने खिलाफ उट्ठे नारों से
राजा को नहीं डरना चाहिए अकाल से
ना ही डरना चाहिए छीजते खजाने से
राजा को डरना चाहिए
अपने ही सेनापति और सेना से
सेना ही मार देती है राजा को
राजा को डरना चाहिए कोर्निश में झुके सभासदों से
उनकी चापलूसी मार देती है राजा को
राजा को डरना चाहिए तेजी से बढ़ते लगान से
कारिंदों के चाबुक मार देते हैं राजा को
राजा को डरना चाहिए कमजोर जनता से
जनता की भूख मार देती है राजा को
राजा को डरना चाहिए अपने पुत्र से
पुत्र की अभीप्साएं मार देती हैं राजा को
राजा को डरना चाहिए किले की अभेद्य दीवारों से
क्योंकि राजा होना ही मार देता है राजा को